अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर की प्रमुख सड़कों पर अनाधिकृत वाहनों की पार्किंग पर जोगिंद्रनगर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। सफाई व्यवस्था पर भी नगर परिषद को तत्काल कार्रवाई करने के लिए चेताया गया है। कुछ चिन्हित जगहों पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए भी नगर परिषद और पुलिस को उचित कार्रवाई अमल में लाने के लिए कहा है। शनिवार को जोगिंद्रिनगर व्यापार मंडल की बैठक में एसडीएम अमित मैहरा ने यह आदेश संबंधित अधिकारियों को जारी कर व्यापारी वर्ग को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने नगर परिषद और पुलिस प्रशासन को उपायुक्त मंडी के की ओर से घोषित अधिसूचना के तहत पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए। व्यापारियों ने बताया कि रोजाना आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस रहे हैं, जो गंभीर मरीजों के लिए जान जोखिम पैदा करने जैसा है। वहीं, नगर परिषद की बंद स्ट्रीट लाइटों के कारण चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के बढ़ने के अंदेशे को लेकर एसडीएम ने नगर परिषद को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल स्ट्रीट लाइटों को सुचारु और शहर की नालियों से गंदगी हटाने के लिए कहा है। उन्होंने चेताया कि शहर में स्वच्छता पर लापरवाही हरगिज बर्दास्त नहीं होगी। लापरवाह सफाई कर्मचारियों पर प्रशासन नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाएगा। इसलिए जरूरी है कि प्रशासन नगर परिषद को उचित दिशा निर्देश जारी कर व्यापारियों की इस अहम समस्या से निजात दिलाए।