एपीएल परिवारों को आधा किलो कम मिलेगा आटा-चावल
सरकार ने सस्ते राशन के कोटे पर चलाई कैंची
16 हजार से अधिक एपीएल परिवार होंगे प्रभावित
अमर उजाला ब्यूूरो
करसोग (मंडी)। सरकार ने एपीएल परिवारों को मिलने वाले सस्ते राशन के कोटे पर कैंची चला दी है। उपमंडल के तहत आने वाले वाले 16 हजार से अधिक एपीएल परिवारों को अगले महीने डिपो में आधा किलो आटा और चावल का कोटा कम मिलेगा। शनिवार को डिपो संचालकों को जारी परमिट के मुताबिक एपीएल परिवारों को जुलाई माह में साढ़े बारह किलो आटा और साढ़े पांच किलो चावल में ही गुजारा करना होगा। अभी एपीएल परिवारों को 13 किलो आटा और 6 किलो चावल प्रति कार्ड दिए जा रहे हैं, लेकिन जुलाई के लिए केंद्र ने जो आवंटन किया है, उसमें एपीएल परिवारों को दी जाने वाली सस्ते राशन की मात्रा को कम कर दिया गया है। सरकार के इस निर्णय से बड़े परिवारों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे परिवारों को दुकानों से महंगे रेट पर आटा और चावल खरीदना पड़ेगा। डिपो में आटे का भाव 8.60 रुपये प्रति किलो है, जबकि बाजार में यही रेट 25 से 27 रुपये प्रति किलो है। इसी तरह चावल का रेट भी 10 रुपये किलो है। उपभोक्ताओं को बाजार से परमल चावल 30 से 40 रुपये किलो खरीदना पड़ेगा। करसोग के खाद्य निरीक्षक जगतराम का कहना है कि आवंटन के हिसाब से डिपो होल्डर को परमिट जारी किए गए हैं। उनका कहना है कि सभी डिपो संचालकों को तय समय पर राशन कोटा देने के निर्देश दिए गए हैं।
करसोग में हैं कुल 80 डिपो
करसोग खंड में कुल 80 डिपो हैं, जिसमें छत्तरी के तहत पड़ने वाले 10 डिपो भी शामिल हैं। करसोग खंड में सभी श्रेणियों के कुल 26601 उपभोक्ता हैं। इनमें अकेले एपीएल परिवारों की संख्या 16,705 है। सभी परिवारों को डिपुओं के माध्यम से सरकार हर माह सस्ता राशन उपलब्ध करवा रही है, लेकिन चिंता की बात यह है कि डिपो में मिलने वाले राशन में लगातार कट लगाया जा रहा है। इस कारण उपभोक्ताओं को महीने का गुजारा करने के लिए खुले बाजार से राशन खरीदना पड़ रहा है।