पधर (मंडी)। राजकीय उच्च पाठशाला सियुन में अंडर-14 छात्रा वर्ग की 15वीं खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ पंचायत प्रधान सियुन पद्म सिंह ने किया। प्रतियोगिता के संयोजक मुख्याध्यापक राजकीय उच्च पाठशाला सियुन वीरेंद्र सिंह मंडयाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के पर्यवेक्षक के रूप में रावमा पाठशाला झटिंगरी के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील ठाकुर, रावमा पाठशाला साहल के प्रधानाचार्य मनोज कुमार, रावमा पाठशाला पधर के प्रधानाचार्य धर्मा शर्मा, प्रिंसिपल केवल कृष्ण शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मार्चपास्ट में प्रथम स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झटिंगरी, दूसरे स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्रंग रही। द्रंग द्वितीय शारीरिक शिक्षक संघ के प्रधान प्रकाश और मुख्य सलाहकार जितेंद्र कुमार, प्रेस सचिव विनोद कुमार ने बताया कि इस खेलकूद प्रतियोगिता में 26 पाठशालाओं की लगभग 350 खिलाड़ी छात्राएं भाग ले रही हैं।