हॉकी में स्वर्ण जीतने पर लौटी नेहा का भव्य स्वागत
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल की हॉकी टीम में शामिल राजकीय आदर्श वरिष्ठ विद्यालय कन्या सुंदरनगर की छात्रा नेहा पुत्री जय सिंह निवासी भोजपुर का स्कूल पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। गौरतलब है कि राजस्थान के सीकर में 15 से 24 मई तक हुई सब जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने स्वर्ण जीता है। पदक जीतने के बाद बुधवार को स्कूल पहुंची नेहा का अध्यापकों और छात्राओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नेहा को स्कूल प्रबंधन ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य मनोज वालिया ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की टीम ने इस प्रतियोगिता में देश भर की सात टीमों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। प्रतियोगिता के फाइनल में महाराष्ट्र की टीम को 1-0 से हराकर टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस अवसर पर नेहा की माता, हॉकी कोच सुषमा शर्मा, कार्यालय अधीक्षक इंद्रजीत, वरिष्ठ सहायक मान सिंह, डीईपी रमेश वालिया सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।