करसोग (मंडी)। क्षेत्र के बढ़ो, शाओ और ककनो गांवों में पिछले 18 महीने से चल रही पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए आईपीएच विभाग सजग हो गया है। अमर उजाला में पेयजल किल्लत की खबर छपने के बाद विभाग ने मरांडी-कमांद पेयजल योजना और मेहरन पंचायत का दौरा किया। योजना से लोगों को नए स्थान से कनेक्शन दिए जा रहे हैं। विभाग ने अधिशासी अभियंता संदीप चौधरी के साथ मेहरन पंचायत का भी दौरा किया और वहां लोगों को पानी उपलब्ध भी करवाया है। बढ़ो, शाओ और ककनो निवासी योगराज, धनंजय, भीम सिंह, लीलाधर, लूदरमणि और मणि चंद ने अमर उजाला का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि बार-बार आईपीएच विभाग को पानी की समस्या से अवगत करवाया जा रहा था लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ। उधर, मरांडी-कमांड गांव के निवासी सुनील कुमार, आशा राम, मोहन लाल और सोम कृष्ण ने भी अमर उजाला को इस मामले को उजागर करने और समस्या का हल करवाने पर आभार प्रकट किया है। आईपीएच विभाग करसोग के अधिशासी अभियंता संदीप चौधरी ने बताया कि मेहरन पंचायत के बढ़ो, शाओ और ककनो के लोगों के लिए श्रीदेव बड़ेयोगी स्कीम से कुछ समय के लिए सप्लाई दे दी गई है। यहां के लिए नई लाइन बिछाई गई है उसकी टेस्टिंग चल रही है। जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकल लिया जाएगा।
000