मंडी के वल्लभ कॉलेज से मतदाता जागरूकता रथयात्रा का शुभारंभ
भ्रष्टाचार में लिप्त प्रत्याशियों के विरोध में प्रचार करेगी एबीवीपी
विभिन्न केंद्रों से होकर जिलाभर में जाएगी जागरूकता रथयात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई मंडी ने वल्लभ कॉलेज से मतदाता जागरूकता रथ यात्रा का आगाज किया। प्रदेश भर में एबीवीपी की रथ यात्रा 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक चलेगी। वल्लभ कॉलेज मंडी में इस उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री कौल नेगी ने कहा कि मतदाता जागरण अभियान के तहत संगठन के कार्यकर्ता आम जनमानस तथा मतदाता को जागरूक करेंगे ताकि, सभी लोग अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक हों। इकाई अध्यक्ष संजय कपूर ने कहा कि मतदाता जागरण अभियान पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों से शुरू हो गया है। यह अभियान मुख्य केंद्र मंडी से पधर, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट, धर्मपुर, कोटली, बल्ह, थुनाग, लंबाथाच, बासा, सुंदरनगर, पंडोह, पनारसा, बजौरा, भुंतर, कुल्लू तक जाएगी। कुल्लू में इस जागरण अभियान का समापन होगा।
छात्र विरोधी मसलों पर भी रहेगा फोक्स
इकाई मीडिया प्रमुख दीपक सैनी ने कहा कि जागरूकता अभियान के तहत सीबीएससी और सेमेस्टर प्रणाली, छात्र संघों के चुनाव बंद करने के विरोध में मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कोटखाई गुड़िया प्रकरण और होशियार मामले को जनता के बीच में ले जाया जाएगा। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं से छल किया है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार में लिप्त प्रत्याशियों के विरोध में लोगों को जागरूक किया जाएगा। संगठन के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इन मसलों को लेकर जागरूक करेंगे। इसके साथ लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए भी जागरूक किया जाएगा।