सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की चौरी पंचायत के गांव बडरेसा में बुधवार देर रात एक स्लेटपोश दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग से घर में रखा अधिकतर सामान राख हो गया। जिससे मकान मालिक रामलाल का लाखों का नुकसान हो गया है। जिस वक्त मकान में आग लगी परिवार के सभी सदस्य घर में ही सो रहे थे। पड़ोसियों ने आग लगने का पता चलते ही लोगों की मदद से परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात लगभग 12 बजे बडरेसा गांव के रुआलू राम लघुशंका के चलते घर के कमरे से बाहर निकला तो उसने पड़ोसी राम लाल के घर में आग की लपटें देखीं। उसने तुरंत पड़ोसी राम लाल और अन्य सदस्यों को उठाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन, प्रभावित परिवार की लाखों की संपत्ति राख हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत चौरी के प्रधान रोशन लाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजा और फौरी राहत देने की मांग की है। वहीं, राजस्व विभाग के पटवारी ने भी मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करके आला अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट भेज दी है। उधर, सरकाघाट के तहसीलदार हुस्न चंद ने कहा कि पीड़ित परिवार को रिपोर्ट आने पर उचित मुआवजा दे दिया जाएगा।
पड़ोसी न जागा होता तो हो सकता था बड़ा हादसा
चौरी पंचायत के गांव बडरेसा में एक स्लेटपोश दो मंजिला मकान में अचानक लगी आग की सूचना अगर पड़ोसी ने नहीं दी होती तो बढ़ा हादसा हो सकता था। जिस समय मकान में आग लगी, उस समय उस घर के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। पड़ोसी की पहल से बढ़ा हादसा होने से टल गया। अभी तक आग लगने के कारणों को पता नहीं चल पाया है।