सुहड़ा में सीवरेज लाइन के लिए खोदी गई सड़क। -संवाद
मंडी। जून में सीवरेज लाइन बिछाने के कारण बंद की गई सुहड़ा मुहल्ले की सड़क अभी तक नहीं खोली गई है। इससे स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। नगर निगम द्वारा सड़क को 30 जून तक बंद करने का नोटिस लगाया गया था, लेकिन 150 मीटर लंबी इस सड़क का काम निर्धारित समय सीमा से 45 दिन बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है।
इस मामले में वार्ड पार्षद नेहा ने काम शुरू होने पर ठेकेदार को 30 दिन के भीतर काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया था। मगर ठेकेदार कार्य में देरी कर रहा है। इससे क्षेत्र के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर बारिश के मौसम में गाड़ियों का घरों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी ओम प्रकाश, नरेश कुमार, किशन चंद, रूमा देवी, पंकज, किशोरी लाल, अभिषेक शर्मा, सुरेंद्र, अशोक, महेश, इंद्र, मीरा देवी, दिवेश, पवन, विपन, और महेश ने ठेकेदार की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और निगम के अधिकारियों से ठेकेदार को नोटिस जारी करने की मांग की है।
वार्ड पार्षद नेहा ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह मुद्दा उनके ध्यान में है और वह इसे उच्चाधिकारियों के सामने उठाएंगी ताकि जल्द से जल्द समाधान हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे का कदम उठाने पर मजबूर होंगे।