माता बगलामुखी रोपवे से सफर करते पर्यटक व स्थानीय लोग। संवाद
पंडोह (मंडी)। बगलामुखी रोपवे ने बुधवार को अपने पहले दिन का सफर शुरू किया, जिसमें पर्यटकों ने खूबसूरत वादियों का आनंद लिया। इस रोपवे के शुरू होने से न केवल पर्यटकों, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी यात्रा सुगम हो गई है।
पहले दिन 146 लोगों ने रोपवे से सफर किया। अब ग्रामीणों को टैक्सी के लिए 400 रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे। मात्र 30 रुपये में चंद मिनटों में सफर पूरा होगा। रोपवे से पहला सफर बाखली की पुष्प लता ने किया, जिन्हें रोपवे प्रबंधन ने पुष्पगुच्छ भेंट किया।
पुष्प लता ने बताया कि रोपवे से सिर्फ पांच मिनट में कैंची मोड़ से अपने घर बाखली पहुंच गईं। यह रोपवे एनएच किनारे स्थित है, जहां पर्यटक अपने वाहनों को रोककर रोपवे का आनंद ले रहे हैं और साथ ही माता बगलामुखी के दर्शन कर रहे हैं।
पंडोह बांध के रिजर्वायर के ऊपर से गुजरते हुए सफर करने वाले पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं और सुंदर वादियों को कैमरे में कैद कर रहे हैं।
750 मीटर लंबे बगलामुखी रोपवे का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को उद्घाटन किया था। रोपवे के बनने से एनएच कैंची मोड़ से बाखली के बीच तीन मिनट में सफर पूरा करता है।
उधर, रोपवे के डीजीएम मुनीष साहनी ने बताया कि उद्घाटन के बाद यह रोपवे अब आम जनता और पर्यटकों के लिए खुल चुका है, और वह यहां आने वाले यात्रियों से फीडबैक ले रहे हैं।
माता बगलामुखी रोपवे से सफर करते पर्यटक व स्थानीय लोग। संवाद