टिहरा (मंडी)। क्षेत्र के मन्योह गांव में आग लगने से गोशाला ज गई। अंदर बंधी भैंस को ग्रामीणों ने बचा लिया, जो आग की लपटों से आंशिक रूप से जली है। इस अग्निकांड से परिवार को हजारों का नुकसान हुआ है। मन्योह गांव के पवन कुमार की गोशाला में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की संभलने का मौका ही नहीं मिला। गोशाला में आग लगने पर ग्रामीणों ने काबू पाने की कोशिश की लेकिन भयंकर आग को काबू नहीं पाया जा सका। गोशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। अंदर बांधी गई भैंस को लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया। पंचायत प्रधान सुरेंद्र पाल पठानिया ने बताया कि पीड़ित परिवार को लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीण राजस्व अधिकारी अमृत लाल ने मौके का दौरा किया और नुकसान का आकलन किया। नायब तहसीलदार टिहरा महेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीण राजस्व अधिकारी को मौके पर भेज कर नुकसान के आकलन के निर्देश दिए हैं। नियमानुसार पीड़ित परिवार को विभाग की ओर से मुआवजा प्रदान किया जाएगा।