मंडी। अगर वृद्धावस्था तक हिमाचल दर्शन की चाह पूरी नहीं हो पाई है तो निराश न हों। प्रदेश सरकार की वरिष्ठ नागरिक भ्रमण योजना आपकी इच्छा को पूरी करेगी। इसके लिए वित्तीय बाधाएं भी आड़े नहीं आएंगी। योजना के तहत 70 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा खर्च में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। 80 वर्ष या इससे ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा नि:शुल्क करवाई जाएगी। उनके साथ एक पारिवारिक सदस्य अथवा पंजीकृत परिचायक को यात्रा खर्च में 50 प्रतिशत छूट होगी। यह योजना प्रदेश के हर जिला मुख्यालय से शुरू होगी। एक वर्ष में यात्रा कितनी बार होगी यह कमेटी तय करेगी, जिसका गठन योजना के अंतर्गत किया जाएगा। जिला मंडी में इस योजना का लाभ उठाने के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से 10 जनवरी 2019 तक बुजुर्ग आवेदन कर सकते हैं।
......
यहां भ्रमण की होगी सुविधा
योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और उत्तम परिवहन सुविधा के साथ राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थानों का भ्रमण करवाना है। इसमें ज्वालाजी, चामुंडा, बज्रेश्वरी, बगलामुखी, नयना देवी, चिंतपूर्णी आदि को शामिल किया गया है।
...
योजना का लाभ उठाने के लिए ये शर्तें
योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ शर्तें भी तय की गई हैं। इसमें हित धारक की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वह प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाएंगे। आवेदक को चिकित्सा प्रमाणपत्र, आधारकार्ड, शपथपत्र, आयु प्रमाणपत्र, हिमाचल का मूल निवासी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदक को यात्रा से पहले शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा कि यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना/प्राकृतिक आपदा के लिए यात्रा संचालक अथवा प्रदेश सरकार जिम्मेदार नहीं होगी। योजना का लाभ उठाने के लिए हित धारक निर्धारित प्रपत्र जिला भाषा अधिकारी कार्यालय मंडी से प्राप्त कर सकते है।
.....
आवेदन के लिए यहां करें संपर्क
जिला भाषा अधिकारी मंडी रेवती सैनी ने कहा कि योजना का उद्देश्य समाज के इस वर्ग के अकेलेपन और सामाजिक अलगाव से बचाना है, जो एकल अथवा युगल होने के कारण ऐसा करने में असमर्थ हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-223315 तथा मोबाइल नंबर 94188-05966, 98822-70276 पर संपर्क कर सकते हैं।
00