सुंदरनगर (मंडी)। 19 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं की राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डैहर में आरंभ हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक राकेश जंवाल ने किया।
पांच दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के दस जिलों के लगभग 600 छात्र-छात्राएं सुगम संगीत, समूह गान, एकांकी, लोक नृत्य, वाद्य यंत्र और वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राकेश जम्वाल ने कहा कि संगीत कला प्राचीन काल से समाज का अभिन्न अंग रही है। संगीत सुनने से जहां खुशी प्राप्त होती है वहीं मानसिक तनाव भी दूर होता है। संगीत सुनने से हमारा मन सुखद अनुभव महसूस करता है। संगीत तथा नाटक के माध्यम से लोगों को शिक्षाप्रद जानकारी प्रदान करने में भी सुगमता रहती है। इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ मिलने का अवसर मिलता है और उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति को जानने का भी अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने डैहर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में मरम्मत कार्य के लिए दो लाख रुपये, स्कूल परिसर में दो सोलर लाइटें लगाने और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए यूनिफार्म के लिए ऐच्छिक निधि से 20 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने इस मौके पर स्कूल में स्मार्ट रूम का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक शारीरिक शिक्षा प्रीतम धौलटा, प्रधानाचार्य रमेश कुमार, भाजपा मंडलाध्यक्ष बैरागी राम, एसडीएम राहुल चौहान, सोहन लाल, नीलम ठाकुर, राजेश धीमान व राजकुमार उपस्थित रहे। विधायक ने डैहर में लगभग 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया।