कांगणी धार हेलीपैड में की जाए तीन
हेलीकॉप्टरों के उतरने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, जल्द पूरा किया जाए कार्य
मौके पर पहुंच कर किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, उपायुक्त से ली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय के पास कांगणी धार में बन रहे हेलीपैड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस मौक पर उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि यहां कम से कम तीन हेलीकॉटरों के उतरने की व्यवस्था हो, इसके लिए प्रयास किए जाएं। इस दौरान उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने उन्हें निर्माण कार्य की पूरी जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निर्देशानुसार इस हेलीपैड का निर्माण करवाया जा रहा है। उड़ान कार्यक्रम के तहत चल रहे हेलीपैड निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा । इस मौके पर सीएम के साथ कई अधिकारी और भाजपा नेता भी मौजूद थे। बता दें कि प्रदेश के सीएम ने मंडी में अपने दौरे के दौरान जिला प्रशासन को मंडी जिला के 10 विधानसभा क्षेत्रों में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए हेलीपैडों का निर्माण करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अन्य स्थानों पर भी हेलीपैडों के निर्माण करवाए जा रहे हैं। मंडी शहर के नजदीक कोई हेलीपैड न होने की स्थिति में हर बार हेलीकाप्टर पड्डल मैदान में ही उतरते थे, लेकिन अब हेलीपैड के बनने से पड्डल मैदान आदि गतिविधियों के लिए आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा।