धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र की 33 केवी विद्युत लाइन में खराबी के चलते मंगलवार दोपहर 2:30 से बिजली बंद हो गई है। इसके कारण धर्मपुर के हजारों उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाहू से धर्मपुर 33 केवी लाइन में सरकाघाट से आगे खराबी आने के चलते क्षेत्र के 150 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इससे तकरीबन 20 पंचायतों के हजारों उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा छा गया है। बिजली बंद होने के चलते आईपीएच विभाग की दर्जनों स्कीमें भी बंद हो गई हैं। इससे लोगों को पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई है। इससे क्षेत्र की जनता में बोर्ड और सरकार के प्रति भारी रोष है। जनता का कहना है कि लंबे समय से बोर्ड और सरकार को इस समस्या से अवगत करवाया है और शीघ्र स्थायी हल की मांग की जा रही है, लेकर अब तक हल नहीं हो रहा है। धर्मपुर पंचायत के प्रधान ठाकर दास, भरौरी के विनोद शर्मा, लेखराज, गायत्री दत्त, दलीप कुमार, राजकुमार, बबलू गिरी, श्याम लाल, तनेहड़ पंचायत की प्रधान गुलाबी देवी, ध्वाली की प्रधान सरोजा देवी ने कहा कि बिजली बोर्ड उपभोक्ताओं से लाखों रुपये बिल वसूल रहा है, जबकि सेवाओं के नाम पर यह हाल है। धर्मपुर में 132 केवी सब स्टेशन खोलने की मांग काफी समय से चल रही है। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता विपन कुमार ने बताया कि 33 केवी लाइन सरकाघाट-धर्मपुर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई है। इससे बिजली गुल है। बिजली बहाली का कार्य जोरों पर है, बिजली शीघ्र बहाल की जाएगी।