सुंदरनगर (मंडी)। विधानसभा में डैहर के डेंगू का मामला गूंजने के बाद स्वास्थ्य विभाग अब फजीहत से बचने की फिराक में है। शनिवार को सुंदरनगर के डैहर क्षेत्र में फिर से 19 नए मरीज सामने आने से हड़कंप मच गया है। अब प्रभावितों की संख्या 150 पहुंच गई है। उधर स्वास्थ्य विभाग दावा कर रहा है कि पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों में डेंगू का असर कम है। शनिवार को क्षेत्र के 28 लोगों के रक्त के नमूने जांच के लिए जोनल अस्पताल भेजे गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में फॉगिंग भी लगातार करवाई जा रही है। शनिवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के 143 घरों का दौरा किया है। इसमें डैहर में 70 घरों की जांच में 2 घरों में मच्छरों का लारवा पाया गया। सोहर में 41 घरों की जांच में 1 घर में व जांबला में 32 घरों की जांच में 2 जगह पर लारवा पाया गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप ठाकुर ने बताया कि डेंगू अब नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है।