मंडी। जिले में 108 और 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल तमाम निर्देशों के बावजूद जारी रही। एंबुलेंस सेवा न मिलने से रोगियों और परिजनों के हाल बेहाल रहे। रोगियों को अस्पताल पहुंचाने या अस्पताल से घर पहुंचाने के लिए परिजनों को जेब ढीली करके टैक्सियां किराए पर लेनी पड़ीं। हालांकि, हड़ताल के पहले दिन जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने होमगार्ड जवानों को एंबुलेंस पर तैनाती दी है। कोर्ट ने तुरंत प्रभाव से हड़ताल पर रोक लगा दी है, लेकिन, जिले में 30 एंबुलेंस में महज 15 के करीब एंबुलेंस ही चल सकी हैं। मंडी शहर में पांच 102, दो 108 एंबुलेंस चल रही हैं जबकि, एक 108 एंबुलेंस खराब है। जिले के दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को सेवा के ठप होने से अधिक दिक्कतें पेश आ रही हैं। हड़ताल के दूसरे दिन भी प्रशासन और विभाग व्यापक प्रबंध नहीं कर पाया है। प्रशासन ने वीरवार को सेवाओं में सुधार का दावा किया था। बुधवार को यह तर्क दिया गया था कि तैनात किए गए कर्मी दुर्गम क्षेत्रों में खराब मौसम के चलते नहीं पहुंच सके हैं। लेकिन, यह कर्मी वीरवार को भी स्टेशन पर नहीं पहुंच पाए। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 108 एंबुलेंस सेवा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अभिषेक कुमार ने कहा कि मंडी में 15 के करीब एंबुलेंस चलाई जा रही हैं। जल्द ही सभी एंबुलेंस सुचारु रूप से चलाई जाएंगी।