नेरचौक (मंडी)। कृषि, जनजातीय विकास, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रामलाल मार्कंडा ने रविवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोठी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुरुकोठा में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के समान व संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र में जनमंच के आयोजन के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया और लोगों से आग्रह किया कि वे इस आयोजन का समुचित लाभ उठाएं। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि जनमंच में 269 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निवारण कर लिया गया। इसके अतिरिक्त पूर्व जनमंच के दौरान बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कुल 280 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 253 का निवारण कर लिया गया है और शेष 27 संबंधित विभागों को हल करने के लिए भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दस दिनों में ई-समाधान पर 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 18 का निपटारा कर लिया गया। शेष आठ का हल किया जा रहा है। जनमंच के दौरान रविवार को राजस्व विभाग की ओर से 80 विभिन्न प्रमाणपत्र, 6 इंतकाल और 7 पंजीकरण, बागवानी विभाग की ओर से 145 उद्यान कार्ड, 21 चालक लाइसेंस, 44 आधार कार्ड, 32 सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामले, 52 परिवार रजिस्टर की नकल, दो जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र, 90 राशन कार्ड अद्यतन, 104 घरेलू गैस कनेक्शन के दस्तावेज, 14 नए राशन कार्ड, 55 दिव्यांगता प्रमाणपत्र तथा 50 बीमा कार्ड जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनमंच में 175, आयुर्वेद विभाग द्वारा 81, जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा संबल कार्यक्रम के अंतर्गत 124 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित सलाह और निशुल्क दवाएं आवश्यकता अनुसार प्रदान की गईं।
....
गृहिणी सुविधा और बेटी है अनमोल योजना के लाभार्थी
मंत्री ने गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत घरेलू गैस कनेक्शन के लाभार्थियों कांता देवी, कुब्जा देवी, सूमा देवी, इंद्री देवी व कांता देवी को दस्तावेज प्रदान किए। इसके अतिरिक्त बाल विकास परियोजना अधिकारी रिवालसर की ओर से बेटी है अनमोल योजना की लाभार्थियों को दस-दस हजार रुपये की सावधि जमा के ड्राफ्ट प्रदान किए। योजना के लाभार्थियों में हर्षिता, अक्षिता, कृतिका, आरोही, तन्वी, दिव्या ठाकुर, दिव्यांशी, शानवी व शिवन्या सम्मिलित हैं। जनमंच में ग्राम पंचायत कोठी, हल्यातर, कठयाहूं, लुहाखर, बैरी, मैरामसीत, बाल्ट, सोयरा, बैरकोट, लेदा, दसेहड़ा व बरस्वाण के अतिरिक्त बल्ह के लोगों की जनसमस्याएं सुनी गईं।