मंडी। आईटीआई मंडी में 23 और 24 मार्च को मेगा रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों में 409 युवाओं को रोजगार मिला। दो दिवसीय रोजगार मेले में 707 युवाओं ने किस्मत आजमाई। इनमें 409 युवा ही कंपनी के मानकों पर खरा उतर पाए। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों में करीब 1000 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया था। रोजगार मेला प्रदेश तकनीकी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में लगाया गया। इसमें प्रदेश सहित देश भर की राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने हिस्सा लिया। भारत सरकार की सीटीएस स्कीम के तहत रोजगार दिया गया है। आईटीआई मंडी के प्लेसमेंट अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि 409 युवाओं को कंपनी ने रोजगार दिया है।
--
इन कंपनियों में मिला रोजगार
ट्रायो इंडिया एंड कंपनी सास नगर मोहाली (पंजाब) में 16, राजश्रिया ऑटोमोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तमिलनाडु में 40, विवो मोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नोएडा में 54, वेवको इंडस्ट्रीज चंडीगढ़ में 19, साइनेर्जी कंस्युलटेंट मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड मनेश्वर गुड़गांव में 20, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड हल्द्वानी, उत्तराखंड में 32 युवाओं, मारुति सुजुकी वीएमपी गुड़गांव में 8, ट्रायो इंडिया डेराबस्सी (पंजाब) में 3, जेबीएम ऑटो लिमिटेड फरीदाबाद में 1 युवा को नौकरी मिली है। प्रदेश की विभिन्न कंपनियों वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड बद्दी में 41, बीएमटी स्पीनिंग कॉरपोरेट लिमिटेड बद्दी में 53, बीईएचएल मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड मंडी में 19, टैली एजूकेशन प्राइवेट लिमिटेड टैली मास्टर पार्टनर नियर साहनी कांप्लेक्स हरि मंदिर सोलन में 5 और सेंटर इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी बद्दी (सोलन) में 1 को नौकरी मिली है। इसके अतिरिक्त जीएमपी टेक्निकल सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड बद्दी (सोलन) में 28, सोनी केयर सेंटर नेरचौक और वर्धमान वीएमटी सोलन में 21 और टैली एजूकेशन प्राइवेट लिमिटेड मंडी में 7 युवाओं को नौकरी मिली है।
--
लगातार होंगे रोजगार मेले : प्रधानाचार्य
आईटीआई मंडी के प्रधानाचार्य तरुण कुमार ने कहा कि दो दिवसीय मेगा रोजगार मेले के पहले दिन काफी संख्या में युवाओं ने साक्षात्कार में भाग लिया था। दूसरे दिन उम्मीद से कम युवाओं ने साक्षात्कार में भाग लिया। 409 बेरोजगारों को नौकरी मिली है। आईटीआई में लगातार ऐसे रोजगार मेले लगाए जाएंगे।