धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल के ब्रैहल गांव में एक महिला की खाई में गिरकर मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ब्रैहल गांव की सीमा देवी (33) पत्नी बलवीर सिंह घर से करीब एक किलोमीटर दूर बैल चराने गई थी। जब शाम हुई तो बैल घर पहुंच गए पर सीमा देवी घर नहीं पहुंची। इस पर घर वालों ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया। परिजनों और गांव वालों ने जब ढांक से नीचे जाकर देखा तो सीमा देवी वहां अचेत अवस्था में पड़ी हुई मिली। इसकी सूचना परिजनों ने प्रधान और उपप्रधान पंचायत कमलाह को दी। उपप्रधान बंसत सिंह ने इसकी सूचना पुलिस चौकी संधोल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी संधोल से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति का जायजा लेकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने सरकाघाट अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।