कांग्रेस ने रोके नेशनल हाईवे डीपीआर के काम : जयराम
पिछले पांच सालों में उधेड़ बुन की राजनीति में उलझी रही कांग्रेस
96 लाख में खलिहार में जल्द बनेगा आवासीय परिसर
हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम का बिक्री केंद्र भी खोला
बड़ादेव कमरूनाग और श्यामाकाली मंदिर के नवाया शीश
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी।
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के दूसरे दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में चुनावों के दौरान नेशनल हाईवे की डीपीआर के काम जानबूझकर रोके गए। कांग्रेस के कर्णधार चाहते थे कि एनएच का फायदा किसी भी तरह से भाजपा को विस चुनावों में न मिले, बावजूद इसके कांग्रेस को चुनावों में मुंह की खानी पड़ी। शुक्रवार सुबह सीएम ने आराध्य देव कमरूनाग और मां टारना के चरणों में शीश नवाया।
इसके बाद उन्होंने मंडी के स्कूल बाजार स्थित हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम के बिक्री केंद्र हिमाचल इंपोरियम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने लगभग 96 लाख की लागत से खलिहार में निर्मित होने वाले कोष विभाग के आवासीय परिसर की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा एवं गैर पारंपरिक ऊर्जा स्रोत मंत्री अनिल शर्मा, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक विनोद कुमार, राकेश जम्वाल और जवाहर ठाकुर, उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक गुुरदेव चंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सांसद ने स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का किया शुभारंभ
गोहर (मंडी)। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगभग तीन लाख की लागत से निर्मित राजकीय माध्यमिक पाठशाला डोलधार में कमरे तथा लगभग 2 लाख 50 हजार की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन भड़ेहतर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्थानीय स्कूल में खेल मैदान निर्माण, पंचायत घर के अधूरे कार्य को पूरा करने तथा सागरी से ज्वाला संपर्क सड़क के निर्माण के लिए एक-एक लाख देने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय स्कूल को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए 5 हजार देने की भी घोषणा की। डोलधार में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा प्रदान कर रही है। कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 16 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें 4 करोड़ रुपये जैदेवी, पलौहटा क्षेत्र, 10 करोड़ चैलचौक और बासा तथा दो करोड़ चुगाहन क्षेत्र में व्यय किए जा रहे हैं। नाचन विधानसभा क्षेत्र के लिए सांसद निधि से एक करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। पंचायत प्रधान लीला देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। नाचन भाजपा मंडल के अध्यक्ष रविंद्र राणा तथा केंद्र मुख्याध्यापक दया राम ने भी अपने विचार रखे। जिला परिषद सदस्या प्रोमिला ठाकुर, उपप्रधान प्रीतम सिंह, खंड विकास अधिकारी विद्या ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजू बाला, बाल विकास परियोजना अधिकारी कृष्ण पाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।