मंडी/जंजैहली। केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला सुमनीधार के नौनिहाल अब प्राइमरी स्तर पर कंप्यूटर का ज्ञान हासिल कर सकेंगे। शिक्षकों ने मिसाल कायम करते हुए स्कूल में अपने प्रयासों से तीन कंप्यूटर और प्रिंटर की सुविधा दी है। पाठ्यक्रम के अलावा सामान्य ज्ञान और आईटी शिक्षा को शामिल किया गया है। अतिरिक्त समय में बच्चों को कंप्यूटर ऑन ऑफ, माउस और कीबोर्ड का संचालन सिखाया जाता है। नतीजतन बच्चे प्रारंभिक स्तर पर ही कंप्यूटर का ज्ञान हासिल करके भविष्य को सुनहरा और डिजिटल इंडिया के काबिल बना सकें। शिक्षा खंड सिराज-2 के दूरदराज क्षेत्र में स्थित इस पाठशाला के चर्चे पूरे क्षेत्र में हैं। हालांकि कंप्यूटर व्यवस्था को स्थापित करने में स्कूल प्रबंधन समिति का भी खासा योगदान रहा है।
मंगलवार को हुआ शुभारंभ
मंगलवार को इस कंप्यूटर लैब का शुभारंभ एसएमसी की अध्यक्ष दुर्गा देवी ने किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य, अभिभावक, आंगनबाड़ी वर्कर और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के प्रयास अन्य स्कूलों में भी होने चाहिए। जिससे बच्चों को दूरदराज के क्षेत्रों में निजी स्कूलों के मुताबिक प्रारंभिक स्तर पर कंप्यूटर का ज्ञान संभव हो सके।
पाठशाला के प्रभारी राजू ठाकुर ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र की छोटी कक्षाओं के छात्रों के लिए यह शानदार अवसर है। इसमें अधिक विस्तार की संभावना देखी जाएगी। इसके माध्यम से विज्ञान और गणित का शिक्षण रुचिपूर्ण और प्रभावी ढंग से बनाने की कोशिश होगी। इंटरनेट से ई लर्निंग के माध्यम से आधुनिक ज्ञान प्राप्त हो रहा है। प्राथमिक कक्षाओं के लिए दृश्य श्रव्य माध्यम शिक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। गीत संगीत और प्ले वे तरीका शिक्षण को आसान बना रहा है।