मंडी। मंत्री अनिल शर्मा के भाजपा में शामिल होते ही चौहाटा बाजार स्थित गांधी भवन के कांग्रेस के संगठनात्मक जिला मंडी के कार्यालय में ताले बदल दिए गए हैं। यहां पर मंत्री के करीबी ब्लाक कांग्रेस कमेटी सदर मंडी के पदाधिकारियों को कांग्रेस के स्थायी सचिव ने रविवार को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वहीं, ब्लाक कांग्रेस कमेटी सदर के अध्यक्ष अनिल शर्मा के भाजपा में शामिल होने के बाद भी उनके समर्थन में खड़े हैं। रविवार को ब्लाक कांग्रेस की कुछ नेत्रियां और कार्यकर्ता कांग्रेस भवन पहुंचे और उन्होंने ब्लाक कमेटी सदर अध्यक्ष धर्मपाल के कार्यालय में आने की बात कही। लेकिन, स्थायी सचिव ने उन्हें यह कह कर लौटा दिया कि अनिल शर्मा के समर्थकों के लिए कांग्रेस भवन में कोई जगह नहीं है। इसके तुरंत बाद यहां पर जिला एवं ब्लाक के स्थायी सचिव लाभ सिंह ने कार्यालय के ताले बदल दिए। इसके बाद मंत्री अनिल शर्मा के समर्थक यहां पर बगले झांकते दिनभर नजर आए। लेकिन, किसी को यहां पर एंट्री नहीं मिली थी। भवन के पुराने तालों की चाबियां सदर कमेटियों के पदाधिकारियों के पास भी मौजूद थीं। जिस कारण इन्हें बदला गया है।
कई गुटों में बंटे ब्लाक कांग्रेस कमेटी सदर
ऐसा नहीं है कि ब्लाक कांग्रेस कमेटी सदर के पदाधिकारी पूरी तरह से मंत्री अनिल शर्मा के समर्थन में है। मंत्री के भाजपा में जाते ही सदर कमेटी के पदाधिकारी भी तीन गुटों में बंट गए हैं। कोई जिप अध्यक्ष चंपा ठाकुर के समर्थन में है तो मुख्यमंत्री के ओएसडी अमित पाल के समर्थन में खड़े हो गए हैं। वहीं भाजपा के पूर्व प्रत्याशी और पूर्व में कांग्रेस के विधायक रहे डीडी ठाकुर के समर्थन में कुछ पदाधिकारी आ गए हैं। डीडी ठाकुर 2012 के विस चुनावों में भाजपा के प्रत्याशी रहे। वहीं, 1985 में कांग्रेस से भी विधायक रहे हैं।
बागियों के समर्थकों को एंट्री नहीं : सचिव
जिला कांग्रेस कमेटी और सदर कांग्रेस कमेटी के स्थायी सचिव लाभ सिंह ने कहा कि कांग्रेस भवन के ताले बदल दिए गए हैं। बागियों के लिए कांग्रेस भवन में कोई एंट्री नहीं है। कुछ कार्यकर्ता और नेत्रियां ब्लाक अध्यक्ष के कार्यालय में आने की बात लेकर दोपहर बाद कार्यालय में पहुंची थीं। लेकिन, बागी नेताओं के समर्थकों को कांग्रेस भवन में कोई एंट्री नहीं मिलेगी। इसके लिए कांग्रेस भवन के ताले बदल दिए गए हैं।
मंत्री अनिल शर्मा के साथ :सदर अध्यक्ष
ब्लाक कांग्रेस कमेटी सदर के अध्यक्ष धर्मपाल ने कहा कि वह मंत्री अनिल शर्मा के साथ हैं। चाहे वह किसी भी दल में हो। उन्हें वह पूरा समर्थन करेंगे। उन्हें कार्यालय में एंट्री मिले अथवा न मिले वह इसकी परवाह नहीं करते हैं। ब्लाक कांग्रेस कमेटी सदर गुटों में नहीं बंटी है। सभी पदाधिकारी मंत्री अनिल शर्मा के साथ हैं।