मंडी। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जोगिंद्रनगर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। क्षेत्र की विभिन्न जगहों पर पुलिस की दबिश लगातार जारी है, जबकि हाईवे पर कई स्थानों पर पुलिस वाहनों की तलाशी ले रही है। चुनाव आयोग के आदेशों के विपरीत नकदी या फिर नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीमों ने शहर के प्रमुख चौकों में नाकेबंदी कर न केवल वाहनों के दस्तावेज खंगाल रही है बल्कि वाहनों की पूरी जांच की जा रही है। उधर, डीएसपी मदनकांत शर्मा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक मंडी से मिले आदेशों की अनुपालना करते हुए जोगिंद्रनगर पुलिस को विधानसभा क्षेत्र में लगातार नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाशी के आदेश पारित किए गए हैं। हाईवे पर दौड़ रहे बिना दस्तावेज के कुछ वाहनों पर भी कार्रवाई हो रही है।