चैलचौक (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तरौर का दसवीं का परीक्षा परिणाम खराब रहने से अभिभावकों ने प्रधानाचार्य और अध्यापकों का घेराव किया। तरौर स्कूल में दसवीं में 40 बच्चों में से 4 ही बच्चे पास हो पाए। जिसमें 8 बच्चों को कंपार्टमेंट आई है। बच्चों के अभिभावकों में दया सिंह, खूब राम, मनोज कुमार, हरि राम, ललित कुमार, कांशी राम, हुसन कुमार, चंपा देवी प्रधान पंचायत बालहडी, शिव कुमार, राज कुमार और अन्य अभिभावकों ने स्कूल में जाकर प्रधानाचार्य और अध्यापकों से बातचीत की। अधिकतर बच्चे गणित और ड्राइंग में फेल हुए हैं। हैरानी की बात है कि बच्चों को ड्रांइग में भी जीरो और एक नंबर आया है। अभिभावकों ने जब अध्यापकों से इस बारे में पूछा तो कोई भी अध्यापक सही जवाब नहीं दे पाया। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य प्रेम सिंह से जब इस बारे में पूछा गया तो वे भी सही जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि स्कूल में सीसीटीवी लगने से बच्चे घबरा गए जिससे वे शायद अपना पेपर सही नहीं कर पाए। अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम इसी तरह आता रहा तो बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और एक सख्त नीति बनानी चाहिए। वहीं, इस बारे में उच्च शिक्षा उपनिदेशक से बात करनी चाही तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।