जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर के बीचोंबीच स्थित एक तीन मंजिला भवन के ऊपरी मंजिल के स्टोर में अचानक आग लगने से इसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। आग से प्रभावित व्यापारी की 25 हजार की संपत्ति जल गई है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जिससे साथ लगती दुकानों को आग से बचाया जा सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के बीचों बीच रामलीला मैदान के राजेश कुमार की मिठाइयों की एक दुकान की तीसरी मंजिल में बनाए गए स्टोर में दोपहर बाद अचानक आग लग गई। आग का पता चलने पर स्थानीय लोगों ने आग बुझानी शुरू की और फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन, स्टोर में रखा सामान राख हो गया। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली अन्यथा बाजार में भवन साथ-साथ होने के कारण ज्यादा नुकसान हो सकता था। फायर चौकी जोगिंद्रनगर के प्रशामक शेर सिंह, जय पाल ने कहा कि आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया है। 25 हजार की संपत्ति राख हो गई है। जबकि, लाखों की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया है।