शुकेदव ऋषि की तपोस्थली में देवपूजन से शुरू हुआ देवता मेला
शुकदेव वाटिका से जवाहर पार्क तक निकाली भव्य शोभायात्रा
महिलाओं और प्रबुद्धजनों ने रंग बिरंगी पगड़ियां पहन बढ़ाई शोभा
अमर उजाला ब्यूरो
सुंदरनगर (मंडी)। पूर्व सुकेत रियासत का प्राचीन और परंपरागत देवता मेला बुधवार को देव श्रीकमरूनाग और राज देवता श्रीमूल माहूंनाग के पूजन के साथ विधिवत शुरू हो गया। पांच दिनों तक चलने वाले इस देवता मेला में सुकेत और मंडी जनपद के करीब 150 देवी -देवता भाग ले रहे हैं। मेला के शुभारंभ से पूर्व शुकदेव ऋषि की तपोस्थली शुकदेव वाटिका में देवी-देवताओं के रथ अपने देवलुओं के साथ पहुंचे। जहां पर सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने देवी-देवताओं का पूजन कर प्राचीन काल से चली आ रही परंपरा का निर्वहन किया। इसके बाद शाम चार बजे शुकदेव वाटिका से भव्य शोभायात्रा धूमधाम के साथ भोजपुर बाजार होते हुए मेला स्थल जवाहर पार्क के लिए रवाना हुई। जहां रास्ते में लोगों ने देवी-देवताओं का स्वागत किया और नतमस्तक हो उन्हें श्रद्धा से पुष्प अर्पित किए। पूर्व के वर्षों में मेला की शोभायात्रा लोक निर्माण विश्राम गृह के प्रांगण से आरंभ होती थी। जो महज सौ मीटर दूर सामुदायिक भवन जहां देवी-देवता विराजमान होते थे, वहां समाप्त हो जाती थी। लेकिन, इस बार मेला कमेटी ने मेला को नयापन देने का निर्णय लिया। जिसके तहत देवी-देवताओं का पूजन शुकदेव वाटिका में करने का निर्णय लिया गया था। जहां पर देव-पूजन के साथ शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यहां पर हजारों की संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मेले की शोभायात्रा में जहां महिलाएं मेला कमेटी की ओर से प्रदान किये गए दुपट्टों के साथ सजी थी, वहीं रंग बिरंगी पगड़ियां सिर पर बांध कर उपमंडल के प्रबुद्धजनों ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। मेले के शुभारंभ पर सभी देवी-देवताओं के रथ सुबह से ही शुकदेव वाटिका में विराजमान होने शुरू हो गए थे। जहां साढ़े तीन बजे विधायक राकेश जम्वाल ने देवता मेले में पहुंचे देव कमरूनाग, पूर्व सुकेत रियासत के आराध्य देव मूल माहूंनाग सहित अन्य देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया। इस मौके पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम राहुल चौहान, मंडल भाजपा अध्यक्ष बरागी राम, महामंत्री जितेंद्र शर्मा, अनिल गुलेरिया, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश नायक, नगर परिषद अध्यक्ष पूनम शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक सेन, पार्षद पुष्पा देवी, रक्षा धीमान, संजय शास्त्री और नरेश सेन, समाजसेवी एजी शेख, बीडीसी चेयरमैन सोहन लाल, जिला भाजयुमो अध्यक्ष मुकेश चंदेल, महामंत्री घनश्याम ठाकुर सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।