मंडी। पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा को मिली बड़ी जीत का जश्न भाजपा ने मंडी के चौहाटा बाजार में मनाया। रविवार को इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं। यह कार्यक्रम सदर मंडल भाजपा की तरफ से आयोजित किया गया था। इसमें मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी सहित जिला प्रधान रणवीर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर, पायल वैद्य, पुष्प राज कात्यायन, जितेंद्र शर्मा, निर्मला शर्मा, मनीष कपूर सदर मंडल अध्यक्ष तथा भाजपा के अन्य नेता एवं पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि देश को कांग्रेस के साथ-साथ कम्युनिस्ट ताकतों से भी मुक्ति मिल रही है। कांग्रेस के साथ कम्युनिस्ट भी केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करके जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत से उन्हें करारा जवाब मिल गया है। वहीं, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा में संगठन काम करता है और संगठन की बदौलत ही भाजपा को यह जीत हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आम जनता के हित में जो फैसले लिए हैं उन पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है।