बाबा कुटिया बनौण सड़क की हालत खस्ता
चालकों को हर समय रहता है हादसे का डर
अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की पंचायत बल्ह के तहत बाबा कुटिया बनौण सड़क की दयनीय हालत के कारण इस पर रोजाना हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में एक बाइक स्किड होने से व्यक्ति हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार कुराटी गांव का संजीव कुमार बनौण स्थित बाबा कुटिया से वापस आ रहा था तो सड़क से निकले पत्थरों के कारण उसकी बाइक स्किड हो गई और वह गिर गया। गनीमत रही कि वह सड़क के किनारे गिरा। अगर सड़क से नीचे गिर जाता तो बड़ा हादसा हो जाता। हालांकि, उसे इस दौरान मामूली चोटें भी आई हैं। मामला पुलिस में दर्ज नहीं हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों सतीश कुमार, सुखदेव, सुरेश, रूप चंद और अनूप कुमार ने कहा कि बनौण स्कूल से सालंग सड़क जो वर्ष 2010 में वाया कुटिया निकाली गई है, उसकी हालत अत्यंत खराब हो चुकी है। सड़क को ग्रामीणों ने स्वयं ही निकाला है। अब तक सड़क विभाग के अधीन नहीं हो पाई है। इस सड़क पर वाहन को चलाना खतरे से खाली नहीं है। सड़क पर पहले भी कई बार वाहन चालक हादसे का शिकार हो चुके हैं तथा बरसात में यह सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि बाबा कुटिया में हर रोज श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। इसलिए विभाग इस सड़क को अपने अंडर लेकर इसकी हालत सुधारे। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक तथा लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस सड़क की दयनीय हालत को जल्द दुरुस्त किया जाए।