132 केवी लाइन में आपूर्ति बाधित होने से जोगिंद्रनगर से हमीरपुर तक उपभोक्ता प्रभावित
सड़कों पर जलभराव से यातायात रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में रविवार दोपहर तेज बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने से जनजीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा। खराब मौसम के कारण बिजली व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा। 132 केवी हाई वोल्टेज लाइन में आपूर्ति बाधित होने से जोगिंद्रनगर से हमीरपुर तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं, बिजली गिरने से मझारनू फीडर की डिस्क में ब्लास्ट हो गया। इसके चलते भट्ठा, जोगिंद्रनगर शहर और मझारनू क्षेत्र में 13 ट्रांसफार्मर ठप हो गए। इससे करीब चार हजार उपभोक्ताओं को देर शाम सात बजे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
रविवार दोपहर एक से तीन बजे तक हुई तेज बारिश के कारण मंडी-पठानकोट हाईवे पर कई जगह जलभराव हो गया। पठानकोट चौक पर सड़क पर पानी तालाब की तरह जमा हो गया। रेलवे स्टेशन के समीप गड्ढों से क्षतिग्रस्त सड़क पर पानी भरने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। वहीं, सरकाघाट सड़क पर गरोडू और भट्ठा में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जबकि खेतों में खड़ी धान की फसल भी जमीन पर बिछ गई। इससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने राजस्व विभाग को बारिश और आसमानी बिजली से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
विद्युत मंडल के अधिशासी अभियंता अमन सूद ने बताया कि रविवार को तेज बारिश और बिजली गिरने से बिजली विभाग को नुकसान पहुंचा है। वहीं, एसडीएम मनीष चौधरी ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान की फील्ड रिपोर्ट मांगी गई है।