छह दिन गीला और एक दिन उठाया जाएगा सूखा कूड़ा
नप में सफाई ठेकेदारों और कर्मचारियों की कार्यशाला का आयोजन
वार्ड स्वच्छता कमेटियों का किया जाएगा गठन
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। नगर परिषद मंडी की ओर से घर-द्वार पर ही गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग लेने के बारे में व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने नगर परिषद कार्यालय में सफाई ठेकेदारों एवं कर्मचारियों के लिए एक कार्यशाला के दौरान दी। उन्होंने कार्यशाला के दौरान बताया कि नगर परिषद की ओर से घर-घर से कूड़ा उठाया जा रहा है। अब एनजीटी के आदेशानुसार घर पर ही गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग लिया जाना है ताकि डंपिंग साइट पर सेग्रीगेशेेन में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफाई कर्मचारी को दो बोरे अलग-अलग दिए जाएंगे। इसमें सप्ताह के छह दिन सोमवार से शनिवार तक गीला कूड़ा और केवल रविवार को सूखा कूड़ा ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजनमानस में सफाई एवं गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग लिए जाने के बारे में वार्ड स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें वार्ड स्वच्छता कमेटियों का गठन किया जाएगा।
कार्यकारी अधिकारी ने वार्ड स्तर पर की जाने वाली बैठकों का ब्योरा देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 6 लोअर समखेतर और वार्ड 7 अपर समखेतर की वार्ड सभा की बैठक 6 अप्रैल को दोपहर दो बजे टाउन हाल मंडी होगी। इसके अलावा वार्ड एक खलयार की बैठक 7 को 11 बजे नैना माता मंदिर परिसर खलियार, पुरानी मंडी वार्ड की बैठक 7 अप्रैल को ही सांय 4 बजे शीतला माता मंदिर पुरानी मंडी, वार्ड आठ दरम्याना व वार्ड 9 लोअर भगवाहन की वार्ड बैठक 8 अप्रैल को सांय 4 बजे मांहूनाग मंदिर थनेहडा में, वार्ड नंबर 4 लोअर सुहड़ा की वार्ड बैठक 10 अप्रैल को एक बजे गुरु रविदास मंदिर प्रांगण में होगी। वार्ड 12 मंगवाई की बैठक भी 10 को सांय 5 बजे विश्वकर्मा मंदिर मंगवाई में, वार्ड 3 जेलरोड व वार्ड 5 पैलेस कलोनी की वार्ड बैठक संयुक्त रूप से 12 अप्रैल को 4 बजे होटल कम्फर्ट अस्पताल रोड में तथा वार्ड नंबर 13 पड्डल की बैठक 11 अप्रैल को 5 बजे पड्डल में होगी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वार्ड स्तर की आयोजित की जाने वाली वार्ड बैठकों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें, जिससे हमारा शहर अति सुंदर और कूड़ा रहित हो सके।