अमर उजाला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। बल्ह क्षेत्र के तहत गुटकर के लोहारड़ा गांव में घास काट रहे एक युवक पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे पहले कि तेंदुआ युवक पर झपटता, उसने होशियारी दिखाई और तुरंत पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक लोहारड़ा का विशाल (18) पुत्र देवी सिंह जब घास काटने गया तो उस पर पीछे से एक तेंदुए ने हमला कर दिया, लेकिन युवक ने होशियारी दिखाते हुए तुरंत उसके चंगुल से छूटकर पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। तेंदुआ पेड़ के नीचे बैठ कर काफी देर तक गुर्राता रहा। घबराए युवक ने शोर मचाने के साथ-साथ अपने मोबाइल से घरवालों को फोन किया। तुरंत घर वाले ग्रामीणों के साथ शोर मचाते हुए वहां पर पहुंचे। शोर सुनकर तेंदुआ वहां से भाग गया और विशाल पेड़ से नीचे उतारा। हमले में युवक को कुछ हल्की चोटें भी आई थीं। इस पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां पर उसका प्राथमिक उपचार करवाया गया। उधर, गांव में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना पंचायत प्रधान और वन विभाग को दी गई। पंचायत प्रधान घनश्याम गुलेरिया की देखरेख में वन विभाग की टीम बुधवार को गांव पहुंची और लोगों से जानकारी हासिल की। गार्ड चिंता देवी ने कहा कि तेंदुए की धरपकड़ के लिए गांव में पिंजरा लगाया जाएगा।