मंडी/गोहर/थुनाग। जिले में दो दिन से जारी भारी बर्फबारी और बारिश से कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। 32 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। निगम की 22 बसें फंस गई हैं। इनमें मंडी डिपो की 11, सुंदरनगर की सात और सरकाघाट डिपो की चार बसें शामिल हैं। सराज और नाचन के अधिकांश क्षेत्रों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। बरोट भी भारी बर्फबारी के चलते बंद हो गया है। सैकड़ों निजी वाहन भी रास्तों में फंस गए हैं। सराज और नाचन क्षेत्रों की अनेक पंचायतों में दो दिन से ठप बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। ऊपरी क्षेत्रों में पानी के पाइप जम गए हैं। इससे पेयजल आपूर्ति ठप पड़ गई है।
..................
ये मार्ग है बंद
सराज के थाची-डीडर, थाची-कशौड़, पंडोह-सराची, थलौट-थाची-पंजाई, सुधराणी-थाटा, थाटा-समबलवास, थलौट-कल्हणी, बसान-सोमगाड़, गाड़ागुशैणी-टपनाली-घाट, छतरी-जंजैहली, विलागाड़-मगरूगला, छतरी-गाड़ागुशैणी, बरेऊगी-थानसर, जंजैहली-मगरूगला, जंजैहली-बखरोट, कांढा-पंडोह, लंबाथाच-शिल्लीबागी, लंबाथाच-चियूणी, जरोल-जुगांद, बुंग-बलवाड़, थुनाग-जैशंला सहित अन्य मार्गों पर यातायात पूरी तरह से ठप पड़ा है। ऐसे में ग्रामीणों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं।
...
सराज, नाचन की कई पंचायतों में बत्ती गुल
भारी बर्फबारी और बारिश के कारण सराज और नाचन क्षेत्र की अनेक पंचायतों में दो दिनों से बत्ती गुल है। ग्रामीण अंधेरों में रातें गुजारने को मजबूर हो गए हैं। क्षेत्र के हेम सिंह, यादव राम, टेक सिंह, काहन राम, रेलू राम, ओम प्रकाश सहित अन्य ने बिजली बोर्ड से गुहार लगाई है कि बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल किया जाए।
..
इन गांवों में नहीं पानी
सराज के गाड़ागुशैणी, डीडर, धमाच, सोमगाड, थाटा, बुंग, थाचाधार, घाट, खौली सहित अन्य क्षेत्रों में पेयजल पाइप जाम हो गए हैं। पेयजल आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीण तीन किलोमीटर दूर बावड़ियों से पानी लाने को मजबूर हैं।
...
उठाए जा रहे कदम
भारी बारिश और बर्फबारी से 32 सड़कें बंद हो गई हैं। इन्हें बहाल करने के आदेश दिए गए हैं।
केएस ठाकुर, मुख्य अभियंता, लोनिवि
...........
फंसी बसों को निकाला जाएगा
मंडी डिपो की 11, सुंदरनगर की 7 और सरकाघाट डिपो की 4 बसें फंस गई है। जैसे ही मौसम साफ होगा बसों को निकाल दिया जाएगा।
-अमरनाथ सलारिया, डीएम एचआरटीसी