पधर (मंडी)। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पाली में आंगनबाड़ी केंद्र के पास ही ठेका खोल दिया है। इस पर स्थानीय लोग भड़क गए हैं। ग्रामीणों ने नियमों के विपरीत शनिवार को खुले शराब के ठेके का विरोध किया है। विभाग को चेतावनी दी कि अगर शराब ठेका शीघ्र बंद न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। पाली में शराब का यह ठेका पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग के किनारे एक भवन में खोला गया है। इसी भवन में आंगनबाड़ी केंद्र चल रहा है। ग्रामीणों उपप्रधान पवन कुमार, मनोज त्यागी आदि ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में रोजाना जाते हैैं। इन बच्चों पर ठेके का बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि ठेके पर पूरा दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। ये शराबी असभ्य भाषा का प्रयोग करते हैं और माहौल को खराब करते हैं। इसका बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आबकारी एवं कराधान विभाग पर कायदे कानूनों को दरकिनार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 100 मीटर दूर की शिक्षण संस्थान की शर्त को भी यहां पर ताक पर रखा गया है। ग्रामीणों गोमती ठाकुर, कला देवी, कृपाल सिंह, यशमा देवी, इंद्र दास, प्रोमिला देवी, कोमल देवी, ओमचंद, गीतादेवी, धर्मदास, यादविंद्र, सरोज ठाकुर, शांता देवी आदि ने विभाग को चेतावनी दी कि अगर इस ठेके को यहां से नहीं हटाया गया तो वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
...
शनिवार को ही खुला ठेका : पवन कुमार
पंचायत के उप प्रधान पवन कुमार ने कहा कि शनिवार को ही यह ठेका खोला गया है। ग्रामीण इस ठेके का जोरदार तरीके से विरोध कर रहे हैं।
..
जानकारी नहीं, निरीक्षण करेंगे : शैलजा शर्मा
ईटीओ जोगिंद्रनगर शैलजा शर्मा ने कहा कि मुझे कोई जानकारी नही है। सोमवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही कुछ बता पाऊंगी।
000