मंडी। प्रदेश में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के सभी अनुबंधों को शीघ्र लागू करने और दिव्यांग कोटे से खाली पड़े विभिन्न पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई गई है। जिले के पढ़े-लिखे दिव्यांगजनों में कोटे के आधार पर विभागों में रिक्त पदों को न भरने पर रोष व्याप्त है। दीपक, हेमराज, रमेश, निशु, नेशराम, दिनेश, तेजराम, मदन बुद्धराम आदि ने बताया कि आरटीआई से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रदेश में इस समय दिव्यांगों के करीब 190 पद बैकलॉग हो गए हैं। पूरे प्रदेश में इस समय दिव्यांगों के प्रथम श्रेणी में 17 पद, द्वितीय श्रेणी के 12, तृतीय श्रेणी के 132 और चतुर्थ श्रेणी के 29 पद बैकलॉक हो गए हैं। प्रथम से लेकर चतुर्थ श्रेणी के इन पदों को भरने के लिए सरकार की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं होने से पढ़े लिखे बेरोजगार दिव्यांगों में तनाव बढ़ता जा रहा है। इससे चलते कई पढ़े-लिखे दिव्यांग बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि शीघ्र इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि, इन बेरोजगारों के जीवन में परिवर्तन आ सके। उन्होंने यह भी मांग की है कि प्रदेश में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के सभी अनुबंधों को लागू करके पदोन्नति, भत्ते और सभी सुविधाएं प्रदान की जाएं। इनमें से शिक्षा विभाग में सबसे अधिक पद बैकलॉग हो गए हैं। पढ़े-लिखे दिव्यांग बेरोजगारों ने शीघ्र इन पदों को भरने की मांग की है।