गोहर (मंडी)। उपमंडल की धरोट पंचायत में एक 18 कमरों के 3 मंजिला रिहायशी मकान शुक्रवार देर शाम लगी भयंकर आग से जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने तक मकान स्वाह हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा छानबीन शुरू कर दी है। आग की घटना में नकदी, आभूषण और राशन सब राख हो गया है। आग का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। 6 भाइयों का यह संयुक्त मकान बताया जा रहा है। जिनमें मीनू राम, मंगलू, चयनू, त्वारू और लुहार पुत्र दिनलू राम और लालू पुत्र दौलू राम बताए जा रहे हैं। एसडीएम गोहर अनिल भारद्वाज ने आग की घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार धरोट गांव में 6 भाइयों के संयुक्त मकान में शुक्रवार देर शाम अचानक भयंकर आग लग गई। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण आग की लपटें देख घटना स्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का अभियान छेड़ दिया। मगर आग ने भरी धूप में इतना तांडव रूप ले लिया कि 18 कमरे पल भर में राख हो गए। मकान में करीब 52 हजार की नकदी, राशन और आभूषण जलकर राख हो गए हैं। पंचायत प्रधान महेंद्र पाल ने बताया कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना है और इस घटना से गांव के 6 परिवार बेघर हो गए हैं। मकान में सूखी घास और लकड़ी होने के कारण आग ने प्रचंड रूप ले लिया। जिससे चंद घंटों में मकान स्वाह हो गया। अपने मकान को जलता देख परिजन विलख-विलख कर रोने लगे। मौके पर प्रशासन की ओर से एसडीएम गोहर अनिल भारद्वाज समेत पुलिस के अधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य के साथ नुकसान का आकलन किया। एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि आग की घटना से करीब 20 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पंचायत प्रधान महेंद्र पाल ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को उचित राहत प्रदान कर दी है तथा ठहरने के लिए तिरपाल और अन्य सामान वितरित कर दिया गया है। प्रधान ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को उचित राहत राशि प्रदान की जाए। थाना प्रभारी गोहर मनोज कुमार वालिया ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।