टिहरा (मंडी)। पंचायत चोलथरा के बाद अब टिहरा भी बीपीएल मुक्त हो गई है। सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक एक भी परिवार ऐसा नहीं पाया, जिसकी मासिक आय 2500 रुपये से कम हो या वार्षिक आय 30 हजार से कम हो।
ग्रामसभा की बैठक में टिहरा पंचायत प्रधान सुरेंद्र पठानिया की अध्यक्षता एवं पर्यवेक्षक यशवंत सिंह की मौजूदगी में यह प्रस्ताव रखा गया, जिसमें प्रधान ने बताया कि समूची पंचायत में पहले 63 परिवार बीपीएल में थे और 55 लोगों ने और आवेदन किया था। लेकिन सर्वे के मुताबिक एक भी परिवार बीपीएल के लिए पात्र नहीं था। प्रस्ताव पर चर्चा के पश्चात सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत को बीपीएल मुक्त कर दिया जाए। हालांकि इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति भी जताई है, लेकिन सर्वे के अनुसार कोई भी पात्र नहीं है।
पंचायत के राजकुमार, दिनेश कुमार, प्रकाश चंद, बिहारी लाल, ज्ञान चंद, प्रहलाद सिंह, बंशी लाल, त्रिलोक चंद, हंसराज, वीरी सिंह, विधि चंद सहित अन्य लोगों ने कहा कि जब सरकार ने बीपीएल की व्यवस्था रखी तो पात्र लोगों को लाभ मिलना चाहिए। उधर, विकास खंड अधिकारी धर्मपुर गुनजीत सिंह चीमा ने बताया कि दूरभाष पर पंचायत सचिव और प्रधान ने सूचना दी है। प्रस्ताव की प्रति अभी तक नहीं पहुंची है।