सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की कलौहड़ पंचायत के धंधरास गांव में आग लगने से एक दो मंजिला मकान के ऊपरी मंजिल में बने 6 कमरे राख हो गए। आग की यह घटना शुक्रवार रात घटी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजे धंधरास गांव निवासी अनिल कुमार के घर की स्लेटनुमा ऊपरी मंजिल में आग लग गई। जिस समय यह घटना हुई, घर वाले नीचे की मंजिल पर थे। जब आस पड़ोस के लोगों ने घर की ऊपरी मंजिल से आग की लपटें उठती देखीं तो शोर मचाया। जिसके बाद अनिल चौहान और पड़ोस के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी ने फायर ब्रिगेड को भी इस घटना की सूचना दे दी। लेकिन, जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, ऊपरी मंजिल में स्थित छह कमरे जल कर राख हो गए। आग की घटना में ऊपरी मंजिल में रखा घरेलू सामान भी राख हो गया है। अनिल कुमार के अनुसार इस घटना में करीब 10 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि आग की यह घटना शॉट सर्किट के कारण हुई है। पंचायत प्रधान शीला देवी ने बताया कि आग की इस घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। सूचना मिलने पर एसडीएम राहुल चौहान ने भी मौके का दौरा कर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को फौरी सहायता के रूप में 10 हजार की राशि भेंट की है। वहीं हलका पटवारी ने नुकसान की रिपोर्ट तलब की है। इधर, विधायक राकेश जंवाल ने भी आग की इस घटना पर शोक जताते हुए प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता के बारे में आश्वस्त किया है।