गैस एजेंसी और गोदाम का औचक निरीक्षण
करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सुनील कुमार ने स्थानीय गैस एजेंसी करसोग के गोदाम और डिलीवरी वाहनों का औचक निरीक्षण किया। इसमें लगभग सौ गैस सिलिंडरों का माप-तोल किया गया। इस दौरान किसी भी सिलिंडर के भार में कोई कमी नहीं पाई गई। इस अवसर पर उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए निरीक्षक ने कहा की हर एक उपभोक्ता अपना गैस सिलिंडर जांच-परख कर लें। अगर माप-तोल में कोई कमी पाई जाती है तो इसकी शिकायत विभाग को तुरंत करें। समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अगर कभी किसी गैस सिलिंडर के माप-तोल में गड़बड़ पाई जाती है उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी गैस एजेंसी मेला राम भी मौजूद रहे।