मंडी। हिमाचल प्रदेश आउटसोर्सिंग महासंघ की बैठक प्रधान यूनुस अख्तर की अध्यक्षता में पड्डल स्टेडियम में आयोजित हुई। इसमें हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों की कार्यकारिणी के सदस्यों और मंडी के सभी सरकारी विभागों में नियुक्त आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में संघ की राज्यस्तरीय कार्यकारिणी में भी कुछ फेरबदल किए गए।
मंडी के किशोरी लाल को संघ का मुख्य सलाहकार और नरेंद्र को कोषाध्यक्ष बनाया गया। प्रधान ने सर्वप्रथम सीएम जयराम ठाकुर को संघ की ओर से मुख्यमंत्री बनने और नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए सभी वर्गों को लाभान्वित किया, परंतु आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को एक प्रतिशत भी लाभ नहीं दिया है। हिमाचल के सभी सरकारी विभागों में हजारों कर्मचारी लगभग 10 से 15 सालों से अपनी सेवाएं बहुत ही कम वेतन में प्रदान कर रहे हैं, जिससे आज कि इस महंगाई के दौर में गुजारा करना संभव नहीं है। इससे कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय है। प्रधान ने कहा कि उन्हें वर्तमान सरकार और युवा मुख्यमंत्री पर पूरा विश्वास है कि वह शीघ्र ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की मांगों को पूरा करेंगे व सभी का भविष्य सुरक्षित करेंगे। प्रधान ने कहा कि हम शीघ्र मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत करवाएंगे और उन्हें जल्द से जल्द आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए विशेष नीति बनाने की मांग करेंगे। इस बैैठक में जिला के प्रधान कमलेश ठाकुर, सचिव विजय, सह सचिव राजश, टेक सिंह, यदोपति, वीरभद्र, चिटु, दलवीर, जिला कुल्लू से इंद्र, परमजीत, सुरेश, जिला कांगड़ा से राकेश, पवन, दिनेश, जिला बिलापुर के प्रधान श्याम, ओंकार चौहान, नीलकंठ, जिला हमीरपुर से धनीराम, राकेश, सुनील, सुनीता, जिला शिमला से प्रवीन, अश्वनी, संजय, जिला सोलन से सुरेश, नरेंद्र, धीरज, जिला सिरमौर से विजय, विवेक, घनश्याम आदि उपस्थित रहे।