सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के सलापड़ स्थित बीबीएमबी स्कूल में बुधवार को पद से हटाने पर पार्ट टाइम शिक्षिका ने खूब बवाल किया। जिसके बाद प्रधानाचार्य को पुलिस बुलाकर वहां पर शांति बहाल करवानी पड़ी। जानकारी के अनुसार स्कूल में कार्यरत पार्ट टाइम शिक्षिका को स्कूल प्रबंधन ने 30 अक्तूबर को पद से हटा दिया। जिसके कारण गुस्साई अध्यापिका 31 अक्तूबर और 1 नवंबर को भी स्कूल पहुंच गई और उसे हटाने का विरोध करने लगी। जब प्रधानाचार्य ने उसे स्कूल से जाने को कहा तो वह गुस्सा गई। जिसके बाद सलापड़ पुलिस चौकी को इस बारे में सूचित किया गया। जहां से एएसआई बालक राम के नेतृत्व में पहुंचे पुलिस दल ने शिक्षिका को वहां से हटा कर व्यवस्था बहाल की। इधर, शिक्षिका का कहना है कि उसने स्कूल में हुई धांधलियों को प्रबंधन के समक्ष उठाया है जिसके कारण उसे प्रताड़ित किया गया और पद से हटा दिया गया। प्रधानाचार्य प्यारे लाल शर्मा ने पार्ट टाइम महिला शिक्षक के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। इधर, सलापड़ पुलिस चौकी प्रभारी बालक राम ने स्कूल में हंगामा कर रही शिक्षिका को प्रधानाचार्य की शिकायत पर स्कूल से हटा कर शांति बहाल करवाने की पुष्टि की है।
महावीर स्कूल के विद्यार्थियों ने मतदान के लिए किया प्रेरित
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर प्रशासन की ओर से आयोजित ग्रेफ्टी शो में महावीर पब्लिक स्कूल ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने भित्ति चित्रों के माध्यम से मतदाताओं को अपने अमूल्य मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से लोगों में सकारात्मक ऊर्जा भरने का कार्य किया। इस जागरूकता अभियान का हिस्सा बनकर सुंदर और प्रेरणाप्रद भित्ति चित्र बनाए। प्रधानाचार्य अनुराधा जैन ने बताया कि विद्यार्थियों के इन चित्रों की सभी ने प्रशंसा की है।