जोगिंद्रनगर (मंडी)। गेहूं की फसल काटने जा रहे लोगों का वाहन (टाटा सूमो) बसाहीधार में अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गया। बुधवार सुबह दस बजे हुए हादसे में चालक सहित दस लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया। घायलों में नौ महिलाएं शामिल हैं। धर्मपुर के कौंसिल गांव की महिलाओं का एक दल बुधवार सुबह जोगिंद्रनगर में अपने रिश्तेदारों के पास गेहूं काटने के लिए जा रहा था। वे सभी एक वाहन में सवार हुए। बसाहीधार के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इसमें सवार नौ महिलाएं घायल हो गईं। हादसे में चालक को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस में जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तारी के कारण हुआ है। थाना प्रभारी जोगिंद्रनगर संदीप शर्मा ने कहा कि हादसे में दस लोग घायल हुए है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
.................
घायलों के नाम
घायलों की पहचान मीना पत्नी रणजीत, रोशन लाल (चालक) पुत्र अच्छरू राम, कौशल्या देवी पत्नी नानक चंद, सुनीता देवी पत्नी रोशन लाल, रूमा देवी पत्नी कुलदीप चंद, सोमा देवी पत्नी जयराम, रूमा देवी पत्नी दुनी चंद, रीना देवी पत्नी कृष्ण चंद, गोदावरी पत्नी नत्था सिंह, सुंफली देवी पत्नी सुखराम के रूप में हुई है।
.............
जिले में बढ़ रहे हादसे
जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले करीब डेढ़ हफ्ते से सड़क हादसों में 17 लोगों की जान चली गई है। कई घायल हुए हैं। बागाचनोगी में कार गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पधर के घोघड़धार में छह, बग्गी में कार के नहर में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। बलद्वाड़ा के भांबला और करसोग में सड़क हादसों में एक-एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। अधिकतर हादसे मानवीय भूल के कारण हुए हैं।
000