जोगिंद्रनगर (मंडी)। मेला स्थल जोगिंद्रनगर में कुंडली मारकर बैठे व्यापारियों को प्रशासन ने खदेड़ते हुए मेला स्थल से बाहर कर दिया है। मैदान को खाली करवा लिया गया है। इसमें प्रशासन ने पुलिस की मदद ली। मेला स्थल में पुलिस बल को देखकर व्यापारियों ने बिना समय गवाएं मैदान को खाली कर दिया। इससे पहले व्यापारी स्थानीय प्रशासन के आदेशों को भी दरकिनार कर खूब चांदी कूट रहे थे। शनिवार को एसडीएम अमित मैहरा, थाना प्रभारी संदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने मेला स्थल को खाली करवाने के लिए अभियान चलाया। नगर परिषद के कर्मचारी भी मौके पर व्यापारियों को खदेड़ने में जुटे रहे। इससे पहले स्थानीय तहसीलदार और मेला समिति की ओर से गठित टीम व्यापारियों को तय समय पर मेला मैदान खाली करने की अपील कर रही थी। लेकिन व्यापारी फिर भी मेला स्थल पर डटे रहे। इस मौके पर पुलिस की टीम में एएसआई जय सिंह, मुख्य आरक्षी मनवीर, अमर सिंह, नगर परिषद से सुपरवाइजर रविकांत और पार्किंग प्रभारी राजेश सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। जोगिंद्रनगर एसडीएम अमित मैहरा ने बताया कि मेला स्थल में डटे व्यापारियों को 12 अप्रैल तक स्वेच्छा से मैदान खाली करने की हिदायत दी गई थी। थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के आदेशों को दरकिनार करने वाले लापरवाह मेला व्यापारियों को पुलिस बल के साथ शनिवार को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। मेला समिति और व्यापारियों में तनाव के अंदेशे से पुलिस बल मेला स्थल में तैनात करना पड़ा था। व्यापारियों से मेला स्थल खाली करवाने के लिए पुलिस को हल्का बल भी इस्तेमाल करना पड़ा।
000