बिना टैक्स चुकाए सामान बेचने वाले
व्यापारियों पर तुरंत लगाम लगाई जाए
रिवालसर के व्यापारियों ने व्यापार मंडल में उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रिवालसर(मंडी)। रिवालसर व्यापार मंडल का जनरल हाउस व्यापार मंडल अध्यक्ष ढमेश्वर ठाकुर की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत रिवालसर के प्रांगण में हुआ। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष लाभ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जनरल हाउस में बाजार के लगभग 80 व्यापारियों ने भाग लिया।
सभी व्यापारियों ने इस दौरान अपनी विभिन्न परेशानियों से व्यापार मंडल कार्यकारिणी को अवगत करवाया। बाजार के व्यापारियों ने बताया कि उन्हें बाहर से बिना टैक्स चुकाकर आ रहे अस्थायी व्यापारियों से भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ये व्यापारी गांव में जाकर सामान बेच रहे हैं और सरकार और स्थानीय दुकानदारों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन लोगों की ओर से घटिया क्वालिटी का सामान बेचकर लोगों को ठगा जा रहा है । ऐसी गतिविधियों पर व्यापार मंडल को शीघ्र रोकथाम लगवानी चाहिए। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि रिवालसर में लगने वाले राज्य स्तरीय छेश्चु मेले के दौरान और बैसाखी मेले के दौरान बाहर से आने वाले व्यापारी कई दिन तक मेला स्थल पर दुकान सजाकर बैठे रहते हैं ,इससे भी स्थानीय दुकानदारों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस पर व्यापार मंडल कार्यकारिणी को नगर पंचायत से अनुरोध कर मेला आयोजित होने के 10 दिन के अंदर मेला स्थल से दुकानदारों को हटवा देना चाहिए। व्यापार मंडल कार्यकारिणी ने स्थानीय दुकानदारों से सहमति जताते हुए इस संबंध में प्रस्ताव पास किया। वहीं, स्थानीय दुकानदारों की मांग पर मार्च 2019 के प्रथम रविवार को व्यापार मंडल कार्यकारिणी के चुनाव कराने पर सहमति जताई गई। बैठक में व्यापार मंडल उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, सचिव राजेंद्र गुप्ता, नरेश शर्मा, नलिन महाजन, नवीन गुप्ता ,विजय कुमार, राकेश गुप्ता ,सुरेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा सहित कई दुकानदार उपस्थित रहे।