सरकारी कर्मी घोषित नहीं करने से डिपो संचालकों में रोष
बैठक में डिपो संचालन में आ रही दिक्कतों के बारे में विचार-विमर्श
अमर उजाला ब्यूरो
चौंतड़ा (मंडी)।
विकास खंड चौंतड़ा के लडभड़ोल डिपो संचालक समिति यूनियन की बैठक डिपो संचालक समिति के कार्यकारिणी सदस्य आशीष कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें लडभड़ोल यूनिट के सदस्यों ने भाग लेकर डिपो संचालन में आ रही दिक्कतों के बारे में विचार विमर्श किया गया। बैठक में प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से डिपोधारकों को सरकारी कर्मचारी घोषित नहीं करने की मांग को नजर अंदाज करने पर रोष जताया गया। प्रदेश डिपो संचालक समिति के कार्यकारिणी सदस्य ने बताया कि प्रदेश सरकार व केंद्र सरकारों के कर्मचारियों के मानदेय, वेतन और भत्ते हर वर्ष बढ़ाए जा रहे हैं, परंतु प्रदेश में डिपो संचालकों व धारकों को वर्षों पुरानी चली आ रही नाममात्र की कमीशन दी जा रही है। इससे आज के महंगाई के युग में परिवार का पालन पोषण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि राशन लोगों तक पहुंचाने में डिपो संचालकों का अहम योगदान रहा है और डिपो संचालक पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने डिपो संचालकों को 6 बजे तक डिपो में सेवाएं देने के सरकारी फरमान पर भी रोष जताया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री जयराम व खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर से अपनी मांगों को लेकर मुलाकात करेगा।