सरकाघाट (मंडी)। नबाही देवी मंदिर में हुए कथित करोड़ों के घोटाले को लेकर नबाही मंदिर बचाओ संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल ललित जम्वाल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बरच्छवाड़ में मिला। उन्होंने सीएम को ज्ञापन दिया। जिसमें कहा गया है कि मंदिर अधिग्रहण 2007 से मार्च 2016 तक मंदिर के खाते में 10 लाख 75 हजार 831 रुपये जमा दर्शाए गए हैं, जबकि मंदिर में करोड़ों की नकदी और सोना-चांदी श्रद्धालुओं ने चढ़ाए हैं। इस दौरान मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए एक पैसा भी नहीं खर्चा गया है। अप्रैल 2016 से लेकर आज तक दो वर्षों में कम समय में ही 35 लाख की नकदी और सोना-चांदी चढ़ावे के रूप में चढ़े हैं। इससे साफ जाहिर है कि 11 वर्षों में जो आमदन मंदिर कमेटी ने दर्शाई है वह सब झूठ है। 26 माह से मंदिर कमेटी के खिलाफ सीआईडी में एफआईआर दर्ज करवाई गई है लेकिन, आज तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि नबाही मंदिर में हुए करोड़ों के घोटाले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मौके पर मोहित राणा, रमेश शर्मा, विवेक, रणजीत सिंह, भूप सिंह, लेख राज, देश राज, राजकुमार आदि मौजूद रहे।