करसोग (मंडी)। बहुतकनीकी कॉलेज की अधिसूचना बहाल करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुराना बाजार से लेकर एसडीएम कार्यालय तक रोष रैली निकाली। एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजते हुए करसोग में पुन: बहुतकनीकी कॉलेज को खोलने की अधिसूचना जारी करने की मांग की गई। एसडीएम करसोग अपूर्व देवगन ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। एसडीएम कार्यालय के गेट को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया था। ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने करसोग में बहुतकनीकी कॉलेज खोलने की अधिसूचना को बहाल करने की मांग की है। रोष रैली निकालने वालों का कहना है कि यहां की जनता और युवा वर्ग इस कॉलेज की मांग को पिछले 20 सालों से कर रहे थे लेकिन जयराम सरकार ने इस कॉलेज की अधिसूचना को रद्द कर दिया जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। कॉलेज के खुलने से करसोग के साथ सराज, नाचन, सुंदरनगर एवं शिमला ग्रामीण के युवाओं को लाभ मिलना था लेकिन अधिसूचना रद्द होने से युवाओं की उम्मीदों पर पानी फिर गया। ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि सरकार ने 15 बीघा जमीन का भी बरल में चयन किया था जिसकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं।
कहीं जंजैहली की तरह न हो जाए स्थिति
पूर्व कांग्रेस विधायक मनसाराम ने ज्ञापन सौंपने के बाद अपने संबोधन में कहा कि बहुतकनीकी कॉलेज की अधिसूचना को तुरंत बहाल किया जाए। ऐसा न हो कि करसोग में जंजैहली की तरह स्थिति बन जाए, जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
रैली में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी, ब्लॉक पंचायत समिति उपाध्यक्ष दलीप मैहता, गुरवक्त ठाकुर और गोपाल सिंह ने भी अपने विचार रखे। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर संतराम धीमान, सीडी कश्यप, महीजराज, मोहन सिंह, विक्की चौहान, धर्मसिंह, गोवर्धन सिंह, देश राज आदि ने भाग लिया।