करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग की बगैला पंचायत के कुन्हों गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे आग लगने से स्लेटपोश मकान राख हो गया। आग से प्रभावित परिवार की सवा लाख की संपत्ति राख हो गई है। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हलका पटवारी ने मौके का जायजा लेकर नुकसान का आकलन कर लिया है।
हलका पटवारी मीनाक्षी ने कहा कि प्रभावित के मकान का जायजा लिया गया है। जिसमें 1 लाख 20 हजार का नुकसान आंका गया। जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह के वक्त हुई। इस दौरान घर के सदस्य साथ बने रसोई घर में बैठे हुए थे। घर से धुआं उठते देखकर ग्रामीणों ने परिवार के सदस्यों को सूचित किया। घरवालों ने कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया। जिससे साथ लगते घरों को आग से बचाया जा सका। राजस्व विभाग के हलका पटवारी ने प्रभावित धरनीधर पुत्र वल्लभ राम गांव कुन्हों को फौरी राहत के रूप में दस हजार की राशि प्रदान की है। नायब तहसीलदार विद्या सिंह नेगी ने इसकी पुष्टि की है।