अमर उजाला ब्यूरो
रत्ती (मंडी)। तो महज एक दिन में लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक के प्रबंधन को कमियों को पूरा कर दूसरे बैच शुरू करने के लिए नए सिरे आवेदन करना होगा। जी हां दूसरे बैच को शुरू करने से एमसीआई के इंकार के बाद अब सही मायने में कॉलेज प्रबंधन को कमियां पूरी करने के लिए एक दिन का ही समय मिला है जो असंभव सा ही प्रतीत हो रहा है। कॉलेज में दूसरा बैच शुरू करने से इंकार करते हुए एमसीआई की टीम ने कॉलेज में स्टाफ कमी और अटैच जोनल अस्पताल मंडी में बेड का बंदोबस्त और उपकरणों की कमी को पूरा करने की प्रबंधन को हिदायत दी है। यूं तो इन कमियों को पूरा करने के लिए कॉलेज प्रबंधन को 21 दिसंबर तक पूरा एक माह दिया गया है। लेकिन, यह एक माह आचार संहिता में ही निकल जाएगा। सही मायने में कमियां पूरी करने के लिए एक ही दिन प्रबंधन को मिला है। लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में एमबीबीएस की कुल सौ सीटें स्वीकृत हैं। पहली सितंबर से एमबीबीएस की कक्षाएं यहां शुरू हो गई हैं। 18 दिसंबर को चुनाव नतीजे आने हैं। इस कारण 20 दिसंबर तक चुनाव आचार संहिता लगी हुई है। चुनाव आचार संहिता में नियुक्तियां कर पाना असंभव है। ऐसे में महज एक दिन में किस तरह से कमियां पूरी हो सकेंगी, इस पर लगातार संशय बना हुआ है।
21 दिसंबर तक दूर करनी होंगी खामियां
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है। एमसीआई ने 21 दिसंबर तक खामियां दूर करने के कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए हैं। जनवरी में एमसीआई की टीम नेरचौक मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करेगी। एमसीआई के नॉर्मस पूरे न होने पर कॉलेज में नया बैच शुरू होने पर रोक लग सकती है।
कमियां जल्द करेंगे दूर : डीन
लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक के डीन डॉ. डीएस धीमान ने कहा कि फैकल्टी के कुछ पद खाली हैं। चुनाव आचार संहिता लगने के कारण इन पदों को नहीं भरा जा सका है। एमसीआई की टीम ने प्रपोजल को अस्वीकृत कर दिया है। कमियों को पूरा कर नए सिरे से प्रपोजल तैयार की जाएगी।