तय समय पर वेतन नहीं मिला तो बंद होगा काम
कर्मचारी एसोसिएशन ने कंपनी को दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। फोरलेन निर्माण में एफकॉन कंपनी के अधीन काम कर रही प्रगति कंपनी के कर्मचारियों को अगस्त महीने से बकाया वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। भारतीय मजदूर संघ से संबंधित प्रगति इंजीनियर्स वर्कर्स एसोसिएशन के प्रधान अजय कुमार डोगरा और सचिव संजय कुमार ने बताया कि 29 नवंबर को श्रम निरीक्षक भावना शर्मा के कार्यालय में एसोसिएशन और एफकॉन, प्रगति तथा एनएचएआई के प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इसमें भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस दौरान निर्णय हुआ था कि कंपनी 26 दिसंबर तक वेतन का भुगतान कर देगी, मगर 26 दिसंबर को भी वेतन नहीं मिला है।
एसोसिएशन ने कहा है कि वेतन का भुगतान न होने के लिए प्रिंसिपल एंप्लायर भी जिम्मेदार हैं। वेतन न मिलने से इन कर्मचारियों में बेहद आक्रोश है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों के वेतन का भुगतान जल्द न हुआ तो जहां भी प्रगति कंपनी का काम होगा, वहां पर काम ठप कर दिया जाएगा और यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा। जब तक उन्हें वेतन नहीं मिल जाता। इस बारे में श्रम विभाग, उपायुक्त मंडी, एफकॉन कंपनी और भारतीय मजदूर संघ को भी प्रति भेज कर अवगत करवा दिया गया है।