सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के डैहर में बुधवार को जांच के लिए गए 10 रक्त के नमूनों में से 5 डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद सभी डेंगू पीड़ितों का स्वास्थ्य विभाग ने उपचार आरंभ कर दिया है। डैहर में हर रोज डेंगू पीड़ित लोग सामने आ रहे हैं। यहां पर डेंगू पीड़ितों की कुल संख्या 200 को पार कर गई है। रोजाना स्वास्थ्य विभाग की टीमें डैहर के गांव-गांव में जाकर लोगों को डेंगू से बचने के लिए तरीके बता रही है और उन्हें इसके मच्छर के पनपने का कारण बता रही हैं। वीरवार को स्वास्थ्य महकमे की 11 टीमों ने डैहर में 170 और सोहर में 67 घरों का दौरा किया। इस दौरान डैहर में 156 टैंकों की जांच में 3 जगह और सोहर में 75 टैंकों की जांच में 6 घरों में मच्छरों का लारवा पाया। इसे नष्ट कर दिया है। घरों का दौरा करने पर फिर से टंकियों में लारवा पाया गया। लोगों की ओर से बरती जा रही लापरवाही पर स्वास्थ्य महकमे ने उन्हें लताड़ भी लगाई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश ने बताया कि वीरवार को डैहर से 25 नए सैंपल जांच के लिए लिए हैं।